कैंसर क्या होता है?

हमारे शरीर लाखों-करोड़ों छोटी-छोटी कोशिकाओं से बने होते हैं – ये आपके शरीर के लिए बिल्डिंग ब्लॉक्स की तरह होते हैं। लेकिन कभी-कभी शरीर कुछ असामान्य तरह की कोशिकाएँ बनाता है। इन्हें कैंसर कोशिकाएँ कहा जाता है और ये व्यक्ति को बीमार कर सकती हैं।

आपको यह कैसे होता है?

त्वरित तथ्य

आपका शरीर हर समय नई कोशिकाएँ बनाते रहता है। सामान्य रूप से ये स्वस्थ कोशिकाएँ होती हैं, जो हमारे शरीर की वृद्धि और चोटों के ठीक होने में सहायता करती हैं। आपके शरीर में नई कोशिकाएँ आपका कद बढ़ाती हैं, आपको स्वस्थ रखती हैं और आपको सक्रियात्मक बनाए रखती हैं।

कैंसर कोशिकाएँ सामान्य कोशिकाओं की तुलना में अधिक तेज़ी से बढ़ सकती हैं। वे स्वस्थ कोशिकाओं से आगे निकल सकती हैं और उन्हें अपना काम करने से रोक सकती हैं। इससे व्यक्ति बीमार हो सकता है।

कुछ कैंसर गांठ के रूप में बढ़ते हैं, जिसे ट्यूमर कहा जाता है।
ट्यूमर दो मुख्य प्रकार के होते हैं:

सौम्य: ये कैंसरजनक नहीं होते हैं। ये फैल या बढ़ नहीं सकते हैं, या फिर ये बहुत धीरे-धीरे ऐसा करते हैं। यदि डॉक्टर इन्हें निकाल दे, तो ये सामान्य रूप से वापस नहीं आते हैं।

घातक: घातक ट्यूमर कैंसरजनक होते हैं। कोशिकाएँ बढ़ सकती हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में फैल सकती हैं।

कैंसर के प्रकार 100 से भी अधिक अलग-अलग तरह के होते हैं। इनका नाम सामान्य रूप से शरीर के उस हिस्से के अनुसार रखा जाता है, जहाँ कैंसर कोशिकाएँ पहली बार बढ़ती हैं, उदाहरण के लिए आमाशय कैंसर या मस्तिष्क कैंसर या स्तन कैंसर।

सामान्य प्रश्न

क्या मुझे किसी दूसरे व्यक्ति से कैंसर हो सकता है?

नहीं। कैंसर सर्दी या फ्लू की तरह संक्रामक नहीं होता है। जिस तरह से किसी दूसरे व्यक्ति के टूटे हुए पैर से आपको पैर टूटने की बीमारी नहीं हो सकती है, वैसे ही किसी दूसरे व्यक्ति से आपको कैंसर नहीं हो सकता है। किसी ऐसे व्यक्ति के साथ मेल-मिलाप करना ठीक और सुरक्षित होता है, जो कैंसर-ग्रस्त है।

कैंसर कितने समय तक रहता है?

यह निर्भर करता है, क्योंकि हरेक कैंसर अलग होता है। कैंसर के प्रकार के आधार पर इसके उपचार में महीनों, या शायद कई वर्ष भी लग सकते हैं। डॉक्टर और वैज्ञानिक तेजी से कैंसर कोशिकाओं का सामना करने के नए तरीकों पर काम कर रहे हैं।

क्या कैंसर से दर्द होता है?

हाँ, कभी-कभी, कैंसर के प्रकार के आधार पर। कभी-कभी कैंसर का सामना करने वाले उपचारों से भी दर्द होता है, लेकिन दर्द को कम करने के लिए दवाइयाँ उपलब्ध हैं। अगर हम कैंसर का उपचार नहीं करेंगे, तो रोगी ठीक नहीं होगा।

क्या बच्चों को कैंसर होता है?

किसी भी आयु के लोगों को कैंसर हो सकता है, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। कैंसर-ग्रस्त बच्चे अक्सर उपचार के लिए बच्चों के अस्पताल में जाते हैं।
किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें – जैसे आपकी माँ, पिताजी या टीचर – यदि आपके पास इस बारे में कोई प्रश्न हैं।

क्या कैंसर से लोगों की मृत्यु हो सकती है?

अधिकांश लोग कैंसर के उपचार के बाद ठीक हो जाते हैं। लेकिन कुछ कैंसरों का उपचार करना कठिन हो सकता है और कभी-कभी लोगों की मृत्यु हो सकती है। यदि आप ऐसे किसी व्यक्ति के बारे में चिंतित हैं जिन्हें आप प्यार करते/करती हैं और उन्हें कैंसर है, तो अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। आप किड्स हेल्पलाइन को 1800 55 1800 पर कॉल भी कर सकते/सकती हैं।